
प्रयागराज के औद्योगिक थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में एक माह बाद बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने सोमवार को युवक के शव को कब्र से निकलवाकर दोबारा पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामला अवैध संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है।
औद्योगिक थाना क्षेत्र के विशंभरपुर निवासी 19 वर्षीय मोहित कुमार ट्रकों में लोडिंग-अनलोडिंग का काम करता था। बीते 3 जनवरी की सुबह उसका शव पांडे का पुरवा गांव के एक नाले में मिला था। उस समय कराए गए पोस्टमार्टम में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका था, जिसके बाद शव को दफन कर दिया गया था।
मामले में नया मोड़ तब आया जब पुलिस को सीसीटीवी फुटेज हाथ लगी। फुटेज में 2 जनवरी की रात मोहित का चचेरा भाई विजय राज (30) और उसकी पत्नी सत्यारूपा (25) एक बोरे में कुछ भरकर उसी गांव की ओर जाते दिखाई दिए, जहां बाद में मोहित का शव मिला था।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि मोहित का सत्यारूपा से प्रेम प्रसंग था। 2 जनवरी की दोपहर मोहित उससे मिलने घर आया था। शाम को जब सत्यारूपा लौटी तो मोहित का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद उसने पति को सूचना दी और दोनों ने शव को उतारकर रात में बोरे में भरकर नाले में फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार, शक से बचने के लिए आरोपी दंपति खुद भी मोहित की तलाश में उसके परिजनों के साथ शामिल हुए। पूछताछ में यह भी सामने आया कि विजय राज के बहनोई, जो एसआरएन अस्पताल में सफाई कर्मचारी हैं, की मदद से पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कथित तौर पर बदलाव कराया गया, जिससे रिपोर्ट में किसी चोट का जिक्र नहीं हुआ।

मोहित के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर असहमति जताई थी। इसके बाद पुलिस ने 2 फरवरी को शव को कब्र से निकलवाकर दोबारा पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया।
थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।