बहुजन समाज पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति को धार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रयागराज में आयोजित एक दिवसीय मंडलीय बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और सरकार गठन के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया।
बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि आगामी दिनों में आकाश आनंद, उमा शंकर सिंह और विश्वनाथ पाल का प्रयागराज मंडल सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में दौरा प्रस्तावित है। इन दौरों के माध्यम से जिला और विधानसभा स्तर पर रैलियां, संगठनात्मक बैठकें और कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मुनकाद अली, राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्य मंडल प्रभारी (पूर्व राज्यसभा सांसद) तथा गया चरण दिनकर, मुख्य मंडल प्रभारी प्रयागराज मंडल (पूर्व विधायक, सदन नेता एवं पूर्व मंत्री) उपस्थित रहे।
बहन मायावती के निर्देशों पर संगठन को चुस्त-दुरुस्त करने का निर्णय
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व सांसद कुमारी मायावती के दिशा-निर्देशों को कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि पार्टी अब केवल चुनाव नहीं, बल्कि सरकार गठन की ठोस तैयारी में जुट चुकी है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो पदाधिकारी पार्टी के प्रति लापरवाही बरत रहे हैं या संगठन की गाइडलाइन के विरुद्ध कार्य कर रहे हैं, उन्हें पद से हटाकर सक्रिय, ईमानदार और जमीनी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी।
कार्यवाही रजिस्टर अनिवार्य, रोज़ाना रिपोर्टिंग के निर्देश
बैठक में सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने प्रतिदिन के संगठनात्मक कार्यों का विवरण कार्यवाही रजिस्टर में दर्ज करें और नियमित रूप से उच्च नेतृत्व को रिपोर्ट सौंपें, ताकि संगठन की गतिविधियों की प्रभावी निगरानी हो सके।
2027 चुनाव को लेकर प्रदेश-व्यापी रैलियों की रूपरेखा
बहन मायावती ने साफ कहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में हर हाल में बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनानी है। इसी उद्देश्य से आकाश आनंद, उमा शंकर सिंह और विश्वनाथ पाल के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में जिला एवं विधानसभा स्तर पर रैलियों और जनसंपर्क अभियानों की श्रृंखला चलाई जाएगी।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में सतीश जाटव, पंकज गौतम, आकाश राव, अमरेन्द्र बहादुर भारतीय, राम रक्षा चमार, विजय सरोज, उदय राज गौतम, रमेश गौतम, साबिर सिद्दीकी, सुशील गौतम, शैलेंद्र गौतम, प्रकाश लोधी, साबिर शिद्दकी, सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम प्रयागराज जिला अध्यक्ष चिंतामणि वर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।