लखनऊ में BSP के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के आवास पर आयकर विभाग की कार्रवाई, पड़ा छापा

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर क्षेत्र में स्थित बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के विधायक उमाशंकर सिंह के आवास और कार्यालय पर आयकर विभाग ने छापेमारी की कार्रवाई की है। सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई में 50 से अधिक अधिकारी और सुरक्षा बल के जवान शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि उमाशंकर सिंह वर्तमान में गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और कैंसर के उपचार के कारण चिकित्सकीय निगरानी में हैं। जानकारी के मुताबिक उनके दो ऑपरेशन हो चुके हैं और वे फिलहाल आवास पर ही आइसोलेशन में रह रहे हैं। कार्रवाई के दौरान आवास पर बाहरी लोगों के आवागमन को सीमित किया गया है।

आयकर विभाग की टीम सुबह से ही दस्तावेजों और अन्य संबंधित रिकॉर्ड की जांच में जुटी है। अधिकारियों की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कार्रवाई का कारण और इससे जुड़े विवरण जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि उमाशंकर सिंह बीएसपी के इकलौते विधायक हैं और प्रदेश की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। इस छापेमारी को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।

फिलहाल आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है और आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *