प्रयागराज। शहर के करेली थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बिस्मिल्ला चौराहे के पास अज्ञात हमलावरों ने प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद इरफान (47) की गोली मारकर हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 6:30 बजे की है। मोहम्मद इरफान अपने घर से लगभग 250 मीटर दूर एक चाय की दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार लोग मौके पर पहुंचे। हमलावरों ने अपने चेहरे गमछे से ढके हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक हमलावर बाइक से उतरकर सीधे इरफान के पास पहुंचा और नजदीक से उनके सीने पर गोली मार दी।
गोली लगते ही इरफान गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। बीच बाजार हुई इस वारदात से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल इरफान को तुरंत स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतक का संबंध पूर्व में अशरफ अहमद से बताया जा रहा है। परिजनों ने हत्या के पीछे आसिफ दुर्रानी (45) और उसके भाई पर संदेह जताया है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और प्रॉपर्टी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है और इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।